जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ ने उपायुक्त से की शिष्टाचार मुलाकात
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिले के उपायुक्त आलोक कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने जामताड़ा जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार और खिलाड़ियों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने जिले में खेलों के समुचित विकास, खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने तथा उन्हें उचित मंच प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों के हित में संचालित योजनाओं को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विस्तार से अपनी बात रखी।
उपायुक्त ने पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जिले में खेल और खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सकारात्मक पहल करेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष राहुल सिंह, संयुक्त सचिव भास्कर चांद तथा सूरज कुमार पासवान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

