बराकर नदी में अवैध पत्थर उत्खनन पर कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के नुरगी और नयाडीह इलाके में बराकर नदी से अवैध रूप से पत्थर उत्खनन की शिकायत पर संयुक्त छापेमारी की गई। जिला खनन कार्यालय और पुलिस बल की टीम ने औचक निरीक्षण कर मामले की जांच की। कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन के प्रमाण मिलने पर खान निरीक्षक ने नारायणपुर थाना में प्राथमिकी संख्या 45/26 दर्ज कराई है।
जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बराकर नदी से अवैध रूप से पत्थर निकासी और उसका भंडारण किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
उपायुक्त के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और थाना पुलिस को सतर्कता बढ़ाने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

