जियाजोरी पंचायत में विकास योजनाओं का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : सदर प्रखंड के जियाजोरी पंचायत में मंगलवार को उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने विभिन्न विकास योजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, मनरेगा योजनाओं और आवास निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। यह निरीक्षण जिला प्रशासन के निर्देश पर किया गया।
उप विकास आयुक्त ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय जियाजोरी का औचक निरीक्षण कर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति जांची। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे और उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों को नियमित कक्षाएं संचालित करने, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र जियाजोरी का निरीक्षण कर सेविका और सहायिका को समय पर केंद्र खोलने तथा बच्चों को मेन्यू के अनुसार पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान मनरेगा अंतर्गत तालाब निर्माण और बिरसा हरित ग्राम योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

