जामताड़ा आश्रम आवासीय विद्यालय में औचक निरीक्षण, कई खामियां मिलीं
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कल्याण विभाग संचालित आश्रम आवासीय विद्यालय का मंगलवार शाम उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण में शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन व्यवस्था, क्लासरूम, लाइब्रेरी, मेस, किचेन, स्टोर रूम, खेल मैदान और ऑडिटोरियम का जायजा लिया गया। इस दौरान कई खामियां सामने आईं। छात्राओं को मेन्यू के अनुरूप भोजन नहीं दिए जाने तथा स्टोर रूम में रखी कुछ खाद्य सामग्रियों पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और संचालक एजेंसी व विद्यालय प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगा।
खेल मैदान में छात्राओं से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं। छात्राओं की झिझक को देखते हुए अन्य स्टाफ को वहां से हटाया गया, ताकि वे खुलकर अपनी बात रख सकें। कई शिकायतों पर उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को फटकार लगाते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और छात्राओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और विद्यालय संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

