कमीशन भुगतान को लेकर राशन दुकानदारों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर के एनएच-33 स्थित एक भवन में फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में राशन दुकानदार शामिल हुए। बैठक में दुकानदारों की लंबित समस्याओं पर चर्चा करते हुए आगे की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से राशन दुकानदारों का कमीशन भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे दुकानदारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है और उनके लिए रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की उदासीनता के खिलाफ अब दुकानदार चुप नहीं बैठेंगे। पहले चरण में खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव से मुलाकात कर मांगों को रखा जाएगा। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन न्यायालय का रुख करेगा और जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।
बैठक में मौजूद दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं साझा करते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। अंत में निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मिलकर मांग पत्र सौंपेगा और आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।

