‘बाबा’ और नकली पुलिसकर्मी बनकर ठगी, साकची बाजार में महिला से गहने लेकर फरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर ठगी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां बसंत सिनेमा के पास गोलमुरी केबुल टाउन निवासी मंजू देवी को दो शातिर बदमाशों ने झांसे में लेकर उनके कीमती गहने ठग लिए और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार मंजू देवी साकची बाजार खरीदारी करने आई थीं, तभी एक व्यक्ति बाबा का भेष धारण कर उनके पास पहुंचा और बातचीत के दौरान घर की समस्याओं को दूर करने का दावा करने लगा। इसी बीच एक अन्य युवक वहां आया, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया और बाबा से बातचीत करते हुए अपने प्रमोशन में बाधा की बात कही। नाटक के तहत उसने बाबा को 3500 रुपये भी दिए, जिससे मंजू देवी का भरोसा और मजबूत हो गया। इसके बाद बाबा ने मंजू देवी को डराते हुए कहा कि उनके बेटे पर संकट आने वाला है और उससे बचने के लिए विशेष उपाय करना होगा। घबराई महिला ने जैसे ही समाधान पूछा, बाबा ने उनके सभी गहने उतरवा लिए और कागज में लपेटकर अपने साथी को दे दिए। फिर मंजू को थोड़ी दूर जाकर लौटने को कहा गया, लेकिन जब वह वापस आईं तो दोनों बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

