राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार हमलों से दहशत का माहौल बना हुआ है। रविवार शाम कुकड़ू प्रखंड में एक हाथी ने 50 वर्षीय मुनी राम गोराई को पटककर मार डाला। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
मृतक के परिजन और ग्रामीण शव के साथ कुकड़ू-नीमडीह सड़क मार्ग पर बैठ गए और सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान की मांग की। उनका कहना था कि आए दिन हाथियों के हमले से जान-माल का नुकसान हो रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधु श्री महतो, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, वन विभाग की ओर से वनपाल मुकेश महतो ने तत्काल सहायता के रूप में मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये नगद दिए। साथ ही आश्वासन दिया कि शेष मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द प्रदान की जाएगी।जिला परिषद उपाध्यक्ष मधु श्री महतो ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि हाथियों के आतंक से निजात के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इलाके में वन विभाग की टीम को सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं

