कोवाली पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर विधायक संजीव सरदार सख्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका के विधायक संजीव सरदार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोवाली पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। कार्य दिवस होने के बावजूद पंचायत सचिवालय में ताला लटका मिला और प्रखंड या अंचल का कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं था। इस पर विधायक ने मौके से ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा को फोन कर स्थिति की जानकारी ली और संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि पंचायत सचिवालय अक्सर बंद रहता है, जिससे उन्हें अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने स्वयं निरीक्षण किया, जिसमें पंचायत सचिवालय बंद पाया गया।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह स्थिति जनहित के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत सचिवालय में निर्धारित दिनों पर सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही चेतावनी दी कि आगे भी इस तरह का औचक निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

