जमशेदपुर में FADA की बैठक: RTO प्रक्रियाओं में सुधार और सड़क सुरक्षा पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) की ओर से शहर मे एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर और CEO दमन की मौजूदगी में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ऑटोमोबाइल डीलरों ने हिस्सा लिया।

बैठक का मुख्य फोकस क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) से जुड़ी प्रक्रियाओं में आने वाली दिक्कतों पर रहा। डीलरों ने वाहन पंजीकरण, दस्तावेज़ीकरण और अन्य प्रशासनिक कार्यों में हो रही देरी को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि इन बाधाओं के कारण ग्राहकों को समय पर वाहन डिलीवरी देना मुश्किल हो जाता है, जिससे व्यवसाय पर भी असर पड़ता है।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) धनंजय कुमार अपनी टीम के साथ शामिल हुए। उन्होंने डीलरों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्रक्रियाओं को सरल और तेज़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों और डीलरों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक और समाधान केंद्रित रही।
इस दौरान सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। FADA ने स्कूल स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया और सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देने में डीलरों की सक्रिय भूमिका की बात कही।
बैठक को ऑटोमोबाइल डीलरों और RTO विभाग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है, जिससे न केवल कामकाज में सुधार होगा बल्कि सड़क सुरक्षा और ग्राहक सेवा के स्तर में भी वृद्धि की उम्मीद है।

