चारधाम यात्रा आस्था, एकता और संस्कृति का दिव्य उत्सव : प्रधानमंत्री मोदी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने और चारधाम यात्रा शुरू होने पर इसे भारत की अटूट आस्था, राष्ट्रीय एकता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का दिव्य उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा देश की शाश्वत आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि विभिन्न भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों के लोग चारधाम पहुंचते हैं, जिससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, आध्यात्मिकता और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा चारधाम यात्रा अब पहले से अधिक सुलभ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनी है।
मोदी ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक मुक्त यात्रा करने, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, अनुशासन और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने यात्रियों को ‘डिजिटल उपवास’ अपनाकर उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव करने की भी सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स से भी अपील की कि वे उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सफल, सुरक्षित और आध्यात्मिक यात्रा की कामना की।

