रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब टाटा स्टील गम्हरिया डिवीजन के गेट नंबर-1 के समीप स्थित एक फुटपाथ दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सेफ्टी किट बेचने वाली यह दुकान देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा सारा सामान धू-धू कर जल उठा, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी उसकी दुकान को कई बार निशाना बनाया जा चुका है, जिसमें आगजनी और मारपीट जैसी घटनाएं शामिल हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से वह पहले से ही मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

