आरसेटी में कौशल विकास व वित्तीय समावेशन की समीक्षा, जमीनी परिणामों पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कदमा स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कौशल विकास कार्यक्रमों एवं वित्तीय समावेशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के परिणाम धरातल पर दिखने चाहिए और इसके लिए प्रशिक्षणार्थियों से नियमित फीडबैक लेकर पाठ्यक्रम में सुधार किया जाए।
उपायुक्त ने ब्यूटीशियन कोर्स की नई बैच से संवाद कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया, वहीं पूर्व प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण से जीवन स्तर में हुए सुधार के अनुभव साझा किए। उन्होंने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
वित्तीय समावेशन की समीक्षा में उपायुक्त ने बैंकिंग संवाददाताओं (BCO) को निर्देश दिया कि वे केवल शिविरों तक सीमित न रहकर खातों की सक्रियता, ऋण उपलब्धता और वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करें।
बैठक में एलडीएम संजीव कुमार चौधरी, नाबार्ड की डीडीएम जास्मिका बास्के, बैंक ऑफ इंडिया के अजीत कांत, जेएसएलपीएस के सुजीत बारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

