रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नीमडीह स्थित राजीव गांधी चौक के कल्याणपुर मोहल्ले में बुधवार रात एक शिक्षिका पर अज्ञात अपराधी ने जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, शिक्षिका रोजाना की तरह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे एक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमलावर ने शिक्षिका के पेट, पीठ, सीना, गर्दन और हाथ पर 10 से 12 बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षिका की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित MGM मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर कर दिया। इधर मुफस्सिल थाना और सदर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

