जमशेदपुर में कांग्रेस का शहीद दिवस आयोजन, भगत सिंह-राजगुरु-सुखदेव को नमन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय (तिलक पुस्तकालय) में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शहीद दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों द्वारा भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि इन क्रांतिकारियों का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में प्रेरणादायक है और 23 मार्च 1931 का दिन इतिहास में अमर है। उन्होंने कहा कि उनका साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है।
वरिष्ठ नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए युवाओं में जागरूकता पैदा की और देशभक्ति की नई चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस हमें देश के प्रति समर्पण, साहस और एकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। इस अवसर पर खगेनचन्द्र महतो, के.के. शुक्ल, अमरजीत नाथ मिश्र सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

