राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। शनिवार को रांची रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए हाई टेंशन (25,000 वोल्ट) तार से संपर्क कर लिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। इस दौरान उसकी जान बचाने के लिए आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर सूरज पांडेय ने अद्भुत साहस का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक को सुरक्षित नीचे उतारना बेहद जोखिम भरा था। ऐसे में सब-इंस्पेक्टर सूरज पांडेय खुद पत्थरों पर लेट गए और करंट से झूल रहे युवक को अपने शरीर पर गिरवाया, ताकि उसे गंभीर चोट से बचाया जा सके।
घटना के तुरंत बाद युवक के इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल और रिम्स में व्यवस्था की गई। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस साहसिक कार्य की व्यापक सराहना हो रही है। संबंधित जनप्रतिनिधि ने भी सूरज पांडेय को सम्मानित करने की बात कही है और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से ऐसे बहादुर अधिकारी का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।

