राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस स्थित सिद्धू-कानू बस्ती में मंगलवार को पानी कनेक्शन काटने पहुंचे टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। बस्तीवासियों ने कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, कंपनी की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची थी और पानी कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिसके बाद कथित तौर पर हाथापाई की स्थिति बन गई। बस्तीवासियों का आरोप है कि इस दौरान महिलाओं, बच्चों और किन्नर समुदाय के लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती के करीब 150 घर लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं और बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए कनेक्शन काटना गलत है।
बस्तीवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की गई है।

