रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित कालिया ढाबा के समीप शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में युवक का एक पैर टूट गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार डूंगरीडीह निवासी हरिपद महतो शुक्रवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान जब वे कालिया ढाबा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरिपद महतो सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को संभाला और तुरंत कांड्रा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हरिपद महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवागमन को सामान्य कराया।

