राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा
चंदन कुमार एवं अमित रेणु ने संयुक्त रूप से दूरस्थ सारंडा फॉरेस्ट क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर सुरक्षा और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान वरीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित नक्सल विरोधी अभियान की क्रमवार जानकारी प्राप्त की तथा अभियान में तैनात जवानों का उत्साहवर्धन किया। भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की भौतिक स्थिति का अवलोकन भी किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुर्गम और सुदूरवर्ती गांवों में विकास कार्यों का संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा और जिला प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है। शुक्रवार का यह दौरा इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए किया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं, परियोजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर स्थानीय स्तर पर ही जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में इको-टूरिज्म और पर्यटन संवर्धन की संभावनाओं का भी आकलन किया गया। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को पर्यटन विकास के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण सारंडा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

