नगरपालिका निर्वाचन को लेकर जामताड़ा में विधि-व्यवस्था एवं आचार संहिता की समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर 17 फरवरी 2026 को जामताड़ा स्थित समाहरणालय के एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद ने की। बैठक में विधि-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता तथा निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, सामान्य एवं व्यय प्रेक्षक, सभी सेक्टर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, एफएसटी, वीएसटी, एसएसटी टीमों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को निर्वाचन दायित्वों की जानकारी देते हुए निर्देश दिया गया कि मतदान से पूर्व, मतदान के दिन एवं मतदान उपरांत की जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन किया जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिहिजाम नगर क्षेत्र के कानगोई चेकनाका पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने एवं वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि जिला प्रशासन शांतिपूर्ण, भयमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

