झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक
राष्ट्र संवाद सं
रांची: षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र 2026 के सफल आयोजन को लेकर रांची स्थित झारखंड विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बजट सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक प्रस्तावित है। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने की।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, राज्य के मुख्य सचिव तथा सभी विभागों के वरीय सचिव उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी बजट सत्र को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार करना रहा।
चर्चा के दौरान सत्र की कार्यवाही को समयबद्ध, अनुशासित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने, प्रश्नोत्तर, विधायी कार्य और बजट संबंधी दस्तावेजों को सटीक व स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सदन की कार्यवाही के दौरान समन्वय, तकनीकी व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि बजट सत्र राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों का मंच होगा। इस उच्चस्तरीय बैठक ने सरकार की प्रशासनिक तत्परता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

