महाशिवरात्रि पर सजा साकची शिव मंदिर और कदमा का जटाधारी शिव-हनुमान मंदिर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: महाशिवरात्रि को लेकर पूरे देश में भक्ति का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में जमशेदपुर के प्रमुख शिवालयों—साकची शिव मंदिर और कदम स्थित जटाधारी शिव व हनुमान मंदिर—को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की मालाओं और विशेष सजावट से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आ रहा है।

श्रद्धालु आज से ही व्रत, जप और पूजन की तैयारी में जुट गए हैं। मंदिरों में साफ-सफाई, विशेष आरती और रात्रि जागरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं शहर के बाजारों में शिवलिंग, बेलपत्र, धतूरा, दूध, गंगाजल और पूजन सामग्री की बिक्री जोरों पर है। दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है।

महाशिवरात्रि को लेकर जमशेदपुर के लगभग सभी शिव मंदिरों को श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य रूप से सजाया गया है। शहर में चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है।

