माध्यमिक परीक्षा 2026 को लेकर मिहिजाम क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर 09 फरवरी 2026 को किया गया। निरीक्षण के दौरान बेसिक स्कूल, मिहिजाम, प्रोजेक्ट गर्ल्स उच्च विद्यालय, मिहिजाम तथा राजकीय प्लस टू विद्यालय, मिहिजाम स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की उपस्थिति एवं परीक्षा संचालन की समग्र स्थिति की समीक्षा की गई। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की नकल या अनुशासनहीनता नहीं होनी चाहिए। परीक्षार्थियों के परीक्षा भवन में प्रवेश से पूर्व सघन जांच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था, नकल अथवा अनुशासनहीनता से संबंधित कोई शिकायत नहीं पाई गई। इस अवसर पर संबंधित परीक्षा केंद्रों के दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, वीक्षक सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

