भारत ने छठी बार जीता अंडर-19 विश्व कप, इंग्लैंड को 100 रनों से रौंदा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भारत बनाम इंग्लैंड अंडर-19 विश्व कप फाइनल को रोमांचक माना जा रहा था, लेकिन टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन के सामने इंग्लैंड पूरी तरह बेबस नजर आया। भारतीय टीम ने एकतरफा मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत भले ही अच्छी नहीं रही, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष ने पारी को संभाल लिया। कप्तान आयुष ने 51 गेंदों में 53 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 55 गेंदों में शतक पूरा किया। वैभव यहीं नहीं रुके और उन्होंने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
भारतीय टीम ने 50 ओवर में 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत बेहद धीमी रही और लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 311 रनों पर सिमट गई।
इस तरह भारत ने न केवल फाइनल मुकाबला जीता, बल्कि अजेय रहते हुए अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब भी अपने नाम कर लिया। यह भारत का छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब है, जबकि इंग्लैंड का अपराजेय अभियान फाइनल में आकर थम गया।

