रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
सुरक्षा एजेंसियों का सर्च ऑपरेशन जारी राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची के सिविल कोर्ट परिसर में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (जगुआर स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कोर्ट भवन, पार्किंग एरिया, आसपास के इलाकों और हर संभावित स्थान की गहन जांच शुरू कर दी है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल 4 फरवरी को एक हॉटमेल अकाउंट से भेजा गया था। ईमेल में सिविल कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की स्पष्ट धमकी दी गई थी, जिसके बाद से कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुटी हैं। पुलिस ने ईमेल के स्रोत की ट्रेसिंग शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था।

