क्षेत्र के साथ सोशल मीडिया पर भी मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता को मिल रहा समर्थन फ्लाईओवर और ओवरब्रिज निर्माण दूरदर्शी सोच का परिणाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के समर्थक इन दिनों न सिर्फ क्षेत्र में बल्कि सोशल मीडिया पर भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। समर्थकों द्वारा लगातार पोस्ट, वीडियो और संदेशों के जरिए बन्ना गुप्ता के कार्यकाल के विकास कार्यों को सामने रखा जा रहा है और मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के समर्थन में माहौल बनाया जा रहा है।

समर्थकों का कहना है कि अपने कार्यकाल के दौरान बन्ना गुप्ता ने एमजीएम अस्पताल और मानगो क्षेत्र को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए गंभीर और सतत प्रयास किए। फ्लाईओवर और ओवरब्रिज निर्माण को वे दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हैं। उनका दावा है कि यह परियोजना सिर्फ मानगो ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के यातायात को सुगम बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

सोशल मीडिया पर समर्थक यह भी तर्क रख रहे हैं कि ऐसे बड़े विकास कार्य किसी एक दिन का नतीजा नहीं होते, बल्कि इसके पीछे वर्षों की योजना, प्रशासनिक समन्वय और जनता का भरोसा शामिल होता है। समर्थकों के अनुसार ओवरब्रिज निर्माण के दौरान कई बार राजनीतिक अड़चनें भी डाली गईं, लेकिन इसके बावजूद विकास की रफ्तार को रोकने नहीं दिया गया। इसे वे “सबका साथ, सबका विकास” की सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण बता रहे हैं।

दूसरी ओर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता को लेकर क्षेत्र में भी सकारात्मक माहौल बताया जा रहा है। समर्थकों का दावा है कि उन्हें हर गली-मोहल्ले में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। चुनावी जनसंपर्क के दौरान सुधा गुप्ता ने जिन प्राथमिकताओं को गिनाया है, उससे यह साफ होता है कि वे क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं जाम, सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से भली-भांति अवगत हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्रत्याशी को क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की समझ हो और जो समाधान के लिए स्पष्ट सोच रखता हो, समर्थन उसी को मिलना स्वाभाविक है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो क्षेत्रीय समर्थन के साथ-साथ सोशल मीडिया पर बन रहा सकारात्मक नैरेटिव सुधा गुप्ता की मेयर पद की दावेदारी को और मजबूती दे रहा है।
चुनावी माहौल में विकास बनाम आरोप-प्रत्यारोप की इस लड़ाई में अब साफ दिख रहा है कि मुद्दों और काम के आधार पर समर्थन जुटाने की कोशिश तेज हो चुकी है।

