अंत्योदय आश्रमों में बिजली-पानी की समस्या पर विधायक पूर्णिमा साहू की पहल, तीन माह में समाधान का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सीतारामडेरा एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के अंत्योदय आश्रमों में व्याप्त बिजली और पानी की समस्याओं को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने एग्रिको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में टाटा स्टील यूआईएसएसएल (पूर्व में जुस्को) के अधिकारियों के साथ त्रिपक्षीय बैठक की। बैठक में 18 अंत्योदय आश्रमों के मुखियागण भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तीन महीने के भीतर सभी 18 आश्रमों की बिजली एवं जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अंत्योदय आश्रम समाज के सबसे वंचित वर्ग के लिए हैं और वहां मूलभूत सुविधाओं की कमी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
टाटा स्टील यूआईएसएसएल के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जलापूर्ति और विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना लागू की जाएगी और समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। बैठक के बाद आश्रमवासियों में संतोष और खुशी देखी गई तथा उन्होंने विधायक पूर्णिमा साहू एवं यूआईएसएसएल के प्रति आभार प्रकट किया।

