मानगो नगर निगम चुनाव में बड़ा उलटफेर, मेयर की दौड़ में डॉ. विनीता सहाय की दमदार एंट्री
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो नगर निगम चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण उस वक्त बदलते नजर आए, जब शहर की प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता सहाय ने मेयर पद के लिए अपनी मंशा जाहिर की। वर्षों तक महिलाओं और नवजात शिशुओं की निस्वार्थ सेवा करने वाली डॉ. विनीता सहाय अब सामाजिक जीवन के इस नए पड़ाव में मानगो को स्वर्णिम नगर बनाने के संकल्प के साथ आगे आई हैं।
चिकित्सा सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उनका पूरा समय और ऊर्जा मानगो के विकास को समर्पित रहेगा। डॉ. विनीता सहाय ने कहा कि उनका लक्ष्य मानगो को जाम-मुक्त, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर बनाना है। बेहतर सड़क व्यवस्था, ट्रैफिक सुधार, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं और महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
जमीनी जुड़ाव, सेवा का लंबा अनुभव और आम जनता से भावनात्मक रिश्ता—इन वजहों से डॉ. विनीता सहाय को चुनाव में मजबूत और असरदार चेहरा माना जा रहा है। उनकी एंट्री से मानगो नगर निगम चुनाव में नया जोश और नई दिशा देखने को मिल रही है।

