बागबेड़ा में 803वें नेत्र शिविर का शुभारंभ, 120 मरीजों की जांच, 40 का ऑपरेशन हेतु चयन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 24 जनवरी। स्वर्गीय सोना देवी की स्मृति में सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित 803वें नेत्र शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में हुआ। यह शिविर 24 से 26 जनवरी तक चलेगा। शिविर का आयोजन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा, द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन एवं जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से किया जा रहा है।

शिविर के पहले दिन नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं डॉ. विनायक द्वारा 120 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान हाइपर मैच्योर मोतियाबिंद से ग्रसित 40 मरीजों का चयन ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए किया गया।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन एवं सोना देवी यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रभाकर सिंह, मटुकधारी लाल कृष्ण मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता तथा समाजसेवी गणेश राव मुख्य रूप से उपस्थित थे।
शिविर का संचालन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि चयनित नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार 25 जनवरी को राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के नवनिर्मित ऑपरेशन थियेटर में किया जाएगा। ऑपरेशन डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया, डॉ. मलय द्विवेदी एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जाएगा।
जांच सत्र को सफल बनाने में राकेश मिश्र, अशोक कुमार घोषाल, अशोक कुमार सिंह, आशीष सिंह, राधेश्याम कुमार, प्रकाशभानु महतो एवं श्याम कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सराहनीय भूमिका रही।

