भाजपा नेताओं ने कैरव गांधी परिजनों से की मुलाकात, सरकार पर उठाए सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:बीते 11 दिनों से लापता युवा उद्यमी कैरव गांधी के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, अभय सिंह नंद जी प्रसाद, कुलवंत सिंह बंटी बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस आवास पहुंचकर कैरव गांधी के परिजनों से मिले।
परिजनों से मुलाकात के बाद भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को वे राज्य के डीजीपी से मुलाकात कर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग करेंगे।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि जब स्थानीय स्तर की जांच से कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ रहा है, तो निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराना जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
भाजपा नेताओं ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि इस मुद्दे पर सरकार पर लगातार दबाव बनाया जाएगा। इधर, युवक की बरामदगी को लेकर परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

