त्रिपक्षीय समझौते के बाद नरवापहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट की हड़ताल समाप्त, बी-शिफ्ट से काम शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा — धालभूम एसडीओ (जमशेदपुर) की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित त्रिपक्षीय बैठक के बाद नरवापहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट में पिछले आठ दिनों से जारी हड़ताल समाप्त हो गई। शाम 7 बजे से बी-शिफ्ट पाली में मजदूर काम पर लौट आए। बैठक करीब सात घंटे चली, जिसमें यूसील प्रबंधन, विस्थापित समिति और प्रशासन के बीच कई बिंदुओं पर सहमति बनी।
विस्थापित समिति के अध्यक्ष बुधराई किस्कू ने बताया कि यूसील प्रबंधन मंगलवार को आठ विस्थापितों को नियुक्ति पत्र सौंपेगा। साथ ही यूसील बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद आगामी 20 फरवरी तक कुल 120 विस्थापितों के नियोजन का मार्ग प्रशस्त होगा। इसी आश्वासन के बाद 12 जनवरी से जारी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की गई।
हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधराई किस्कू ने इसे विस्थापितों की जीत बताया, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 20 फरवरी के बाद भी 120 विस्थापितों का नियोजन नहीं हुआ तो 21 फरवरी से पुनः आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
बैठक में यूसील की ओर से वित्त निदेशक विक्रम केसरी दास, उपमहाप्रबंधक (कार्मिक) राकेश कुमार, डी. हांसदा, गिरीश गुप्ता, एस.के. सेनगुप्ता शामिल हुए। वहीं विस्थापित समिति की ओर से बुधराई किस्कू, मदन दास, माझी युवराज टुडू तथा पोटका विधायक संजीव सरदार और सुधीर सोरेन उपस्थित रहे।

