दुर्घटना में नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी करणों कुंभकार की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाड़री मोड़ के समीप सरायकेला- कांड्रा मार्ग पर सड़क किनारे ब्रेक डाउन होकर खड़े एक ट्रक के पीछे से बाइक की हुई टक्कर में बाइक सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उसपर सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी करणों कुंभकार के रूप में हुई है। वह बीरबांस में रहकर कोलाबीरा स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड कंपनी में कार्य करता था। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम वह बाइक से सरायकेला की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से उसकी बाइक टकरा गई। बताया गया है कि ट्रक का टायर बदला जा रहा था, इसलिए वह सड़क किनारे खड़ा था। अंधेरा होने के कारण बाइक सवार को खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं हो सका, जिससे उसका बाइक ट्रक से जा टकराया और वह सड़क पर गिर गया। उसके सर व शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोटें आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका पुत्र घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा और सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

