गणिनाथ सेवा संस्थान ने सामाजिक मिलन समारोह सह लिट्टी पार्टी का किया सफल आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जुगसलाई–बागबेड़ा क्षेत्र में गणिनाथ सेवा संस्थान के कर्मठ सदस्यों द्वारा 21 दिसंबर को सामाजिक मिलन समारोह सह लिट्टी पार्टी का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को संगठित करना, आपसी समरसता बढ़ाना और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर समाज के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत देश के प्रतिष्ठित कैलेंडर ठाकुर पंचांग में समाज के कुल देवता श्री गणिनाथ गोविंदजी महाराज की जयंती को बाबा जी के चित्र सहित प्रकाशित कराया गया। इस विशेष कैलेंडर को संस्था के अध्यक्ष एवं जुगसलाई–बागबेड़ा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं द्वारा समाज के लोगों के बीच निःशुल्क वितरित किया गया, जिसे समाजजनों ने अत्यंत सराहना के साथ स्वीकार किया।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि बागबेड़ा की पार्षद कविता परमार, भाजपा ओबीसी जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, कन्हैया सिंह उपस्थित रहे। वहीं संस्था के अध्यक्ष सुंदर गुप्ता, महामंत्री संजय प्रसाद, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सहित संस्थान के सम्मानित संरक्षक, युवा कार्यकर्ता और जुगसलाई–बागबेड़ा क्षेत्र के सैकड़ों स्वजातीय बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।

