नए साल पर घोड़ा बांदा थीम पार्क बना पिकनिक का पसंदीदा ठिकाना
राष्ट्र संवाद उमा शंकर दूबे
जमशेदपुर:वन विभाग द्वारा घोड़ा बांदा में विकसित किया गया थीम पार्क नए साल के मौके पर लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। नए साल के आगमन पर बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं।

पार्क में वन विभाग की ओर से बड़े पहाड़ों के बीच कृत्रिम झरने का निर्माण कराया गया है, वहीं आकर्षक फाउंटेन भी लगाए गए हैं। पार्क का सबसे खास आकर्षण लक्ष्मण झूला है, जिस पर लोग एक ओर से दूसरी ओर आना-जाना करते हैं और रोमांच का अनुभव लेते हैं।

नए साल के अवसर पर पार्क में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। वन विभाग के कर्मचारी और चौकीदार लगातार तैनात रहते हैं, ताकि पर्यटक सुरक्षित रूप से पार्क का आनंद ले सकें।

