जामताड़ा में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग मतदाता सूची पुनरीक्षण पर समीक्षा बैठक सम्पन्न
राष्ट्र संवाद सं
12 दिसंबर 2025 को जामताड़ा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी, प्रक्रिया की पारदर्शिता बढ़ाने तथा इसकी विश्वसनीयता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा करना था।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिसके तहत सभी राजनीतिक दलों को बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करनी है। उन्होंने बताया कि बीएलए प्रणाली वर्ष 2008 में लागू की गई थी और प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए की नियुक्ति अनिवार्य है। एक बार नियुक्त किए गए बीएलए तब तक कार्यरत रहते हैं जब तक दल उनकी नियुक्ति को समाप्त नहीं करता।
बैठक में बताया गया कि आयोग ने राजनीतिक दलों को बल्क में बीएलए आवेदन जमा करने की अनुमति दी है, बशर्ते एक बीएलए एक दिन में 10 से अधिक फॉर्म बीएलओ को न दे। यदि कोई बीएलए 30 से अधिक आवेदन जमा करता है, तो उसे सभी फॉर्मों की सही जानकारी का व्यक्तिगत प्रमाणन देना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त ने कहा कि बीएलए की सक्रिय सहभागिता से त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सकती है। बैठक में एसआईआर से जुड़े कई बिंदुओं पर प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

