मलांचा पहाड़ नेचर पार्क : प्राकृतिक सौंदर्य की नई पहचान,14 दिसंबर को होगा भव्य उद्घाटन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र के मनोहारी मलांचा पहाड़ पर निर्मित नेचर पार्क का भव्य उद्घाटन 14 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है। यह पार्क नाला के स्थानीय विधायक सह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो के अथक प्रयास से वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार द्वारा विकसित किया गया है और अपने अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य तथा आधुनिक सुविधाओं के कारण जल्द ही प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभरने वाला है।
प्रकृति की गोद में बसे इस नेचर पार्क में शांत और आकर्षक डैम की लहराती जलध्वनि मन को सुकून देती है। खूबसूरत गज़ीबो हाउस, रंग-बिरंगा चिल्ड्रन पार्क, सुगंधित रोज़ गार्डन और मनमोहक फ्लॉवर गार्डन यहाँ की सुंदरता में चार चांद लगाते हैं। ओषधीय गार्डन तथा ग्रेसलैंड गार्डन प्रकृति प्रेमियों और अध्ययनशील पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। पब्लिक सिटिंग हॉल शांति और विश्राम का अद्भुत अनुभव कराता है, वहीं भव्य सूर्य नमस्कार प्रतिमा इस स्थल को आध्यात्मिकता की एक विशेष छटा प्रदान करती है।
निकट भविष्य में मलांचा पर्वत अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और अद्भुत दृश्यावली के कारण हजारों पर्यटकों का प्रिय गंतव्य बनेगा। यहाँ आने वाले लोग प्रकृति की सुकूनभरी गोद में एक अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटेंगे।

