लातेहार पुलिस ने J.J.M.P. के दो सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार किए
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लातेहार पुलिस अधीक्षक को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में लातेहार और मनिका थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए J.J.M.P. के दो सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान एरिया कमांडर सुनील उराँव उर्फ मंटू, (उम्र करीब 35 वर्ष) और मुकेश लोहरा (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है। सुनील उराँव पर झारखंड सरकार द्वारा दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।
ये दोनों उग्रवादी पिछले कई वर्षों से संगठन के सक्रिय सदस्य थे और लातेहार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई गंभीर आपराधिक घटनाओं और पुलिस के साथ मुठभेड़ों में शामिल रहे हैं। ये कई मामलों में वांछित थे। पुलिस फिलहाल इनसे पूछताछ कर रही है, जिससे इलाके में सक्रिय अन्य उग्रवादियों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

