आनंद मार्ग द्वारा गदरा और साकची में नि:शुल्क पौधा वितरण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP) जमशेदपुर की ओर से पर्यावरण संरक्षण के तहत गदरा और साकची पुराने कोर्ट के पास 100 से अधिक पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया।
लोगों को जागरूक करते हुए सुनील आनंद ने बताया कि 1980 के बाद से धरती का औसत तापमान लगभग 1°C बढ़ चुका है, जो ग्रीनहाउस गैसों, कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन और जंगलों की कटाई का परिणाम है। तापमान बढ़ने से खेती-किसानी पर भी गंभीर असर पड़ता है और पैदावार में कमी आती है।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक और पॉलिथीन भी पर्यावरण के बड़े खतरे बन चुके हैं। इसी समस्या से निपटने के लिए संस्था हर महीने लगभग 2,000 पौधों का वितरण कर लोगों को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित कर रही है।

