ओल्ड एज होम उदलबनी में विधिक जागरूकता कार्यशाला, वरिष्ठ नागरिकों को प्रदान की गई आवश्यक सामग्री
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उदलबनी स्थित ओल्ड एज होम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक दिवसीय विधिक जागरूकता सह सशक्तिकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण, उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पवन कुमार II सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से की।
कार्यशाला में बुजुर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता, वरिष्ठ नागरिक एक्ट और उनके अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बताया गया कि यदि किसी बुजुर्ग के साथ शोषण या अत्याचार होता है, तो वे कानूनी संरक्षण और सहायता प्राप्त कर सकते हैं, जिसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निःशुल्क सेवा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा ओल्ड एज होम में रह रहे सभी वरिष्ठ नागरिकों के बीच गर्म कपड़े, कंबल, रूम हीटर, मिठाई और अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। साथ ही आयोजित मेडिकल कैंप में सभी बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के अनुसार दवाएँ दी गईं।
उपायुक्त ने वृद्धाश्रम संचालित कर रहे एनजीओ को गुणवत्तापूर्ण भोजन, ठंड से बचाव हेतु अलाव तथा आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में बुजुर्गों ने अपना अनुभव साझा किया और इस पहल की सराहना की।

