यूपीएस बड़ोलिया में शिक्षिका रासमनी हेंब्रम की मेहनत से बढ़ रही है बच्चों की उपस्थिति
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: नाला के यूपीएस बड़ोलिया में आज का दिन बच्चों की मुस्कान और पढ़ाई के उत्साह से भरा हुआ दिखा। सुबह की प्रार्थना के बाद जब कक्षाओं की शुरुआत हुई, तो शिक्षिका रासमनी हेंब्रम बच्चों को पूरे मनोयोग से पढ़ाते हुए नजर आईं। उनकी सादगी और समर्पण ही है कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति लगातार बेहतर हो रही है।
विद्यालय में कुल 44 छात्रों का नामांकन है, जिनमें से आज 26 छात्रों ने उपस्थिति दर्ज कराई—यानी 50% से अधिक। ग्रामीण परिवेश में यह संख्या काफी उत्साहजनक मानी जाती है। रासमनी हेंब्रम ने बताया, “हमारा प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक बच्चे विद्यालय आएं। नियमित पढ़ाई से ही उनका आत्मविश्वास और भविष्य दोनों मजबूत होते हैं।”
कक्षा के भीतर का माहौल भी बेहद सकारात्मक था। रासमनी बच्चों को कहानी, उदाहरण और गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाती हैं, जिससे बच्चे पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद की तरह महसूस करते हैं। छोटे बच्चे अक्षर ज्ञान में व्यस्त थे, जबकि बड़े विद्यार्थी गणित के सवाल हल करते हुए उनकी मार्गदर्शन में सीख रहे थे।
विद्यालय में उनकी उपस्थिति और पढ़ाने की शैली देखकर साफ झलकता है कि रासमनी केवल एक शिक्षिका नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की मार्गदर्शक हैं। उनके प्रयासों से यूपीएस बड़ोलिया में शिक्षा के प्रति नई जागरूकता और रुचि पैदा हुई है। अभिभावकों को भी उम्मीद है कि आगे चलकर उपस्थिति और भी बेहतर होगी।

