पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, उपलब्धियों की समीक्षा और चुनाव तिथि घोषित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जैन सभागृह में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्तमान कार्यकाल की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनाव सत्र पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष श्री मुकेश मित्तल ने की।
बैठक में उनके नेतृत्वकाल की प्रमुख उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा हुई—दो भव्य राजस्थान दिवस समारोह, सदस्य संख्या का दोगुना होना, चार नई शाखाओं का गठन, कांवड़ यात्रा का सफल आयोजन, वृहद पौधारोपण अभियान और जरूरतमंद बच्चों के लिए नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा जैसी कई उल्लेखनीय सामाजिक पहल शामिल रहीं।
आगामी कार्यकाल 2025–27 के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने हेतु योजनाओं, नीतियों और सुझावों पर भी विचार किया गया।
बैठक में चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा भी की गई—
• नामांकन प्रक्रिया : 30 नवंबर 2025 से प्रारंभ
• चुनाव तिथि : 14 दिसंबर 2025
बैठक में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की और सम्मेलन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

