सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गम्हरिया में रक्तदान शिविर का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।झारखंड राज्य के 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी की ओर से महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता मिश्रा के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गम्हरिया में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य रूप से उपस्थित संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीडी त्रिपाठी, स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ.लक्ष्मी कुमारी, इंटक जिलाध्यक्ष केपी तिवारी, संस्था के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष मनीष कुमार व भाजपा नेता रविशंकर तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे बढ़कर और कोई दान नहीं है। अत: ऐसे पुण्य कार्यों में सभी लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस शिविर में स्वास्थ्य केंद्र के कई चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भी रक्तदान किया। इस शिविर के माध्यम से कुल 35 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर के सफल आयोजन में संस्था की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनिशा सिन्हा, ललिता दास, शैलेश तिवारी, प्रमोद पाठक, दुलारी झा समेत सभी सदस्यों का योगदान रहा।

