डोबो–कांदरबेड़ा फोरलेन सड़क निर्माण कार्य शुरू
101 करोड़ की लागत से एनएच-33 से जुड़ेगा सोनारी और चांडिल क्षेत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एनएच-33 को जोड़ने वाली डोबो–कांदरबेड़ा सड़क के चौड़ीकरण (फोरलेन) का कार्य शुरू हो गया है। यह 7.9 किमी लंबा मार्ग डोबो, सोनारी और चांडिल को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा। झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा इस परियोजना पर 101.06 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
निर्माण कार्य शुरू होते ही प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से इस मार्ग पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है। सरायकेला-खरसावां के डीटीओ गिरिजा शंकर महतो ने बताया कि 8 से 12 नवंबर तक रात 2 बजे से सुबह 7 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। हालांकि, सुबह 7 बजे से रात 2 बजे तक वाहनों का परिचालन सामान्य रहेगा।
डीटीओ ने बताया कि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान रांची या अन्य गंतव्यों के लिए आदित्यपुर–कांड्रा–चौका या चांडिल होकर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
7.91 किमी लंबे इस फोरलेन निर्माण में 66 करोड़ रुपये सड़क निर्माण तथा 44 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण व मुआवजा पर खर्च किए जाएंगे। सड़क तैयार होने के बाद शहरवासियों को रांची आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में यह सड़क जर्जर स्थिति में है और अक्सर दुर्घटनाएं होती रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि भू-अर्जन में देरी से परियोजना में कुछ विलंब हुआ था, लेकिन अब कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

