चक्रधरपुर में बैंकर्स का क्षेत्र भ्रमण एवं उद्यमी अनुभव साझा कार्यक्रम संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
कोल्हान:झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), पश्चिम सिंहभूम के तत्वावधान में चक्रधरपुर प्रखंड के देवगांव, नारी कल्याण ग्राम संगठन एवं केरा ग्राम संगठन में वित्तीय समावेशन अंतर्गत एक दिवसीय बैंकर्स क्षेत्र भ्रमण एवं उद्यमी अनुभव साझा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) श्री दिवाकर सिन्हा, जेएसएलपीएस जिला परियोजना प्रबंधक सुश्री अशियानी मार्की, तथा झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक एवं इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत बीपीएम श्री निर्मल लकड़ा के स्वागत व परिचय सत्र से हुई। उन्होंने प्रखंड में चल रही वित्तीय समावेशन गतिविधियों, ग्राम संगठनों की भूमिका तथा महिला उद्यमियों के व्यवसाय मॉडल पर विस्तार से जानकारी दी। इसके उपरांत बैंक अधिकारियों ने ग्राम संगठन की बैठक में भाग लिया, जहाँ महिला सदस्यों ने पारंपरिक स्वागत, गीत एवं सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।
वित्त सखी ने उद्यमी चयन, ऋण दस्तावेजीकरण, स्वीकृति एवं पुनर्भुगतान प्रणाली पर जानकारी साझा की, जबकि बैंक सखी ने सीबीआरएम मॉडल और बैंक-समूह समन्वय प्रक्रिया की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद बैंक प्रतिनिधियों ने व्यक्तिगत ऋण से व्यवसाय कर रहीं उद्यमी दीदियों के कार्यस्थलों का भ्रमण कर व्यवसाय प्रगति का अवलोकन किया।
बैंक प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि महिला उद्यमियों को व्यक्तिगत ऋण सुविधा में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा ग्राम संगठन की दीदियों ने स्थानीय उत्पादों को स्मृति उपहार स्वरूप भेंट किया।

