भुईयाडीह गोलीकांड का आरोपी अशोक दूबे गिरफ्तार, जुआ विवाद में चली थी गोली, दीपक विभार की हुई थी मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुईयाडीह कान्हुभट्ठा इमली पेड़ के पास हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस कांड के मुख्य आरोपी अशोक दूबे (40 वर्ष), पिता स्व. रामाकांत दूबे, निवासी- भुईयाडीह ग्वाला बस्ती, लाइन नंबर-1, क्वार्टर नंबर-20 को बल्ले कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया।
विदित हो कि 20/21 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच दीपक विभार नामक युवक को जुआ खेलने के दौरान आपसी विवाद में गोली मार दी गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के क्रम में दीपक की मौत हो गई थी।
घटना को लेकर मृतक की मां मधु विभार के बयान पर सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार (29 अक्टूबर) को कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक दूबे को पुलिस बल की मदद से घेराबंदी कर विधिवत गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना की रात जुआ खेलने के दौरान मृतक दीपक विभार के साथ उसका विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच मारपीट हो गई, जिसके बाद उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दीपक को गोली मार दी थी।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

