बागबेड़ा में दिव्यांग युवक के साथ बेरहमी से मारपीट, घटना CCTV में कैद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:बागबेड़ा में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां दोनों हाथों से दिव्यांग एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि बागबेड़ा पुलिस मौके पर मौजूद थी और दिव्यांग युवक को बचाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन तीन लोगों ने लगातार उसकी पिटाई जारी रखी।
पीड़ित दिव्यांग युवक आशीष कुमार शर्मा और उनके भाई अमित शर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके पूर्वजों की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। इसको लेकर उन्हें पहले भी कई बार धमकी दी गई थी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट करने वालों में सुनील शर्मा, मुरली शर्मा समेत अन्य लोग शामिल हैं।
आशीष और अमित शर्मा ने बागबेड़ा थाना में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और मारपीट का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी, लेकिन एक दिव्यांग युवक के साथ इस तरह की मारपीट ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

