छठ महापर्व को लेकर सीकेपी डिवीजन में हाई अलर्ट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छठ महापर्व को लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल ने सुरक्षा और भीड़- व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है. मंडल के तीन प्रमुख स्टेशन टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा पर विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि पर्व के दौरान यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनी रहे. मंडल प्रशासन के अनुसार स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त प्रतीक्षालय, शौचालय और मेडिकल सुविधा की व्यवस्था की गई है. स्टेशन परिसर में प्रवेश केवल जांच के बाद ही संभव होगा. सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. बिना टिकट यात्रियों और गैर- जरूरी भीड़ के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि मंडल मुख्यालय में एक वार रूम बनाया गया है, जहां से तीनों स्टेशनों की गतिविधियों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. डीआरएम ने कहा कि छठ पर्व के दौरान रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है. उन्होंने अपील की कि यात्री यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके.

