छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति हुई सक्रिय, उपाध्यक्ष नीरज सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति सक्रिय है। समिति के नॉर्थ जोन प्रभारी सह उपाध्यक्ष नीरज सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। समिति ने कहा कि यह पर्व श्रद्धा, भक्ति और पवित्रता का प्रतीक है और इसे सुरक्षित, स्वच्छ एवं भव्य रूप में संपन्न कराना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान समिति ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि सभी घाटों पर पर्याप्त लाइटिंग, व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, गोताखोरों की तैनाती और डेंजर जोन की पहचान सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाटों की साफ-सफाई, जल आपूर्ति एवं सुरक्षा प्रबंधों को भी प्राथमिकता देने की मांग की गई। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि जिस प्रकार दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन ने समय से पूर्व तैयारी कर व्यवस्था की थी, उसी प्रकार आस्था के इस महापर्व के लिए भी गंभीरता और तत्परता से कार्य किया जाए। उन्होंने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि विभिन्न घाटों पर वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था हो ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना ना करना पड़े। साथ ही, सेवा शिविर लगाने वाले स्वयंसेवी संगठनों को व्यवस्थित तरीके से स्थान आवंटित किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से सहायता मिल सके।
समिति के सदस्यों ने बताया कि जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भी घाटों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं और तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। समिति ने प्रशासन के इस तत्परता की सराहना की और कहा कि पर्व के सफल आयोजन में प्रशासन, समिति और समाज सभी की साझी भूमिका आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान समिति के संरक्षक भीष्म सिंह, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद, अशोक सिंहा, ओम्यो ओझा, अभिषेक कुमार, प्रदीप दास, राघवेंद्र मिश्रा, जितेंद्र कुमार, शिवशंकर सिंह, शंभू मुखी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

