भाजपा के नामांकन सभा में जुटेंगे प्रत्येक बूथ से 20-20 कार्यकर्त्ता – अभय सिंह
घाटशिला विस क्षेत्र में 300 बूथ है
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से खास तैयारी की गई है। इस संबंध में वरीय भाजपा नेता एवं चुनाव का प्रबंध संभाल रहे अभय सिंह ने बताया कि नामांकन से पूर्व मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मैदान में चुनावी सभा की जाएगी। सभा को प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, सांसद विद्युतवरण महतो समेत कई बड़े नेता संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ से 20-20 कार्यकर्ता यानी छह हजार कार्यकर्ता सभा में शामिल होंगे। साथ ही कई अन्य समर्थक भी नामांकन सभा में शामिल होंगे। कहा कि बाबूलाल सोरेन के रुप में पार्टी ने लोकप्रिय नेता को प्रत्याशी बनाया है जिससे भाजपा कार्यकर्ता काफ़ी उत्साहित है। पार्टी कार्यकर्ता प्रत्याशी को जीताने का संकल्प ले चुके है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की सभा के बाद घाटशिला में गजब का उत्साह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही स्थानीय लोगों के बीच देखने को मिलेगा। अभय सिंह ने आम जनता से चुनावी सभा में शामिल होने का आह्वान किया है। मौके पर जिलाध्यक्ष चंडीचरण साव, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साव उपस्थित थे।

