बहरागोड़ा विधायक समीर महंती की तबीयत अचानक बिगड़ी, टीएमएच अस्पताल में भर्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर महंती की तबीयत अचानक बिगड़ जाने के बाद उन्हें आनन-फानन में जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक को सीने और पेट में तेज दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद परिजन और सहयोगी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए।
टीएमएच में डॉक्टरों की दो सदस्यीय विशेषज्ञ टीम विधायक समीर महंती की स्वास्थ्य जांच कर रही है। इस बीच, उनकी तबीयत की जानकारी मिलते ही झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, और आगे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

