घाटशिला उपचुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी व एसपी ने किया कॉपरेटिव कॉलेज का निरीक्षण
ईवीएम डिस्पैच एवं रिसिविंग सेंटर की तैयारियों की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने कॉपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईवीएम डिस्पैच एवं रिसिविंग सेंटर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि 45-घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की सभी पोलिंग पार्टियां यहीं से रवाना होंगी तथा मतदान के बाद ईवीएम सेट की रिसिविंग भी इसी परिसर में की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग को स्ट्रॉंग रूम का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने और परिसर में आवश्यक बेरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पोलिंग पार्टियों के लिए सामग्री वितरण, वाहन पार्किंग, ईवीएम-वीवीपैट रखरखाव, पेयजल, बिजली, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और हेल्प डेस्क जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने रिजर्व कर्मियों, माइक्रो ऑब्जर्वरों और मेडिकल टीम के बैठने की समुचित व्यवस्था करने तथा सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीटीओ धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, भवन निर्माण विभाग के अभियंता, डीएसपी व थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

